नवांशहर जिले में बंगा के पास गांव मजारी के नजदीक सोमवार सुबह एक प्राइवेट बस पुल से नीचे गिर गई। बस में मनाली से लौट रहे पर्यटक और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्र सवार थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर को नींद की झपकी आने से बस बेकाबू हो गई और पुल से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में बस कंडक्टर समेत 3 छात्रों की मौत हो गई है। वहीं, एक छात्र के लापता होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन ने अभी तक हादसे में मृतकों और घायलों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतकों और घायलों की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है।