मावां धीयां सत्कार योजना’ का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: मेयर वनीत धीर
: विधानसभा हलका जालंधर नॉर्थ से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं मेयर वनीत धीर ने वार्ड नंबर 79, 80, 82 और 84 में ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत अधिक से अधिक महिलाओं का रजिस्ट्रेशन करवाने तथा पंजाब की मान सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए समर्पित भावना से कार्य करने वाली सखियों को जालंधर नॉर्थ स्थित अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सखियों के अथक प्रयासों, सेवाभाव और महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी पात्र महिला तक पहुंचे। इस लक्ष्य को साकार करने में सखियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई है।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित करना मान सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सखियां सरकार और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में काम कर रही हैं। उनके प्रयासों से न केवल महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंच रही है, बल्कि वे जागरूक होकर इनका लाभ उठाने के लिए भी आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाने में जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित लोगों का योगदान बेहद अहम है।
उन्होंने कहा कि इस रजिस्ट्रेशन अभियान के दौरान सखियों ने घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क किया, उन्हें योजना की जानकारी दी और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। खास तौर पर उन महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास किया गया, जिन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी कम है या जो किसी कारणवश अब तक इनका लाभ उठाने के लिए आगे नहीं आ पाई थीं। उन्होंने कहा कि यह केवल रजिस्ट्रेशन का अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का भी एक सार्थक प्रयास है।
मेयर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के प्रत्येक वार्ड में विकास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद और पात्र परिवार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और सखियों के सहयोग से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी जरूरतों को समझना और समस्याओं का समाधान करना ही जनप्रतिनिधियों की वास्तविक जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी और सेवा भावना के साथ काम करते रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी समाज की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए यह जरूरी है कि कोई भी पात्र महिला जानकारी के अभाव या किसी अन्य कारण से इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। अंत में उन्होंने सभी सखियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और समर्पण सराहनीय है। महिलाओं के कल्याण, सम्मान और आम जनता की सुविधा के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।